सपा ने बरेली में की पीडीए महापंचायत:संगठन विस्तार पर जोर, बूथ स्तर तक पहुंचने का आह्वान


समाजवादी पार्टी ने बरेली में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) महापंचायत का आयोजन किया। रविवार को सिविल लाइंस स्थित आईएमए ऑडिटोरियम में आयोजित इस महापंचायत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। महापंचायत का आयोजन समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैंट विधानसभा क्षेत्र के नेता डॉ. अनीस बेग के नेतृत्व में हुआ। इसमें जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी कार्यकर्ता पहुंचे। सभागार में पीडीए के समर्थन में नारे लगाए गए, जिससे कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर उत्साह दिखा। जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय व समान अवसर दिलाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि यह समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूत करने के लिए आवश्यक है। महानगर सचिव दीपक शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। आयोजक डॉ. अनीस बेग ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापंचायत में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पीडीए विचारधारा के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाती है। डॉ. बेग ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, भाईचारे और संविधान की रक्षा के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए आवाज उठाती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं से गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया गया। इस महापंचायत में कैंट विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *