सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद प्रदर्शन:सड़क जाम कर मुआवजे की मांग, कहा- आरोपी पर हो कार्रवाई


देवरिया के बरियारपुर चौराहे पर एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 10 वर्षीय बालक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार शाम सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के दलपिठनी निवासी पीयूष (10) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है, जब पीयूष अपने घर के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीयूष सड़क पर गिर गया और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बालक को परिजनों की मदद से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान पीयूष की मौत हो गई। शनिवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद जब शव बरियारपुर पहुंचा, तो परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर बरियारपुर चौराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क जाम हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। वे दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग एक घंटे तक लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और जाम समाप्त कराया गया। इस हादसे के बाद से बालक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *