![]()
रायबरेली के शिवगढ़ में बुधवार को सड़क हादसे में घायल 12 वर्षीय छात्र इंद्रपाल की गुरुवार को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इंद्रपाल मनऊ खेड़ा निवासी राकेश कुमार का बेटा था और कंपोजिट विद्यालय शिवगढ़ में कक्षा छह का छात्र था। छात्र की मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों ने बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सड़क पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते हैं। चक्काजाम की सूचना पर एसडीएम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम ने ग्रामीणों को सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया गया।
हादसा बुधवार दोपहर हुआ था। इंद्रपाल अपनी बड़ी बहन आशा के साथ बरखंडी विद्यापीठ से साइकिल से घर लौट रहा था। घर से करीब 500 मीटर पहले हैदरगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल के दोनों पैर ट्रक के नीचे आकर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को पुलिस ने बुधवार को ही कब्जे में ले लिया था। छात्र की मौत के बाद परिजनों की तहरीर और प्रशासन के आश्वासन के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सड़क हादसे में घायल छात्र की ट्रॉमा सेंटर में मौत:आक्रोशित ग्रामीणों ने 2 घंटे तक हाईवे जाम किया, ब्रेकर बनाने की मांग