![]()
संभल के गुन्नौर में खाना खाने के बाद पैसे मांगना होटल मालिक को भारी पड़ गया। इसनपुर डांडा गांव स्थित शिव गंगा होटल पर पहुंचे दो अज्ञात बदमाशों ने पहले होटल मालिक को धमकाया और कुछ दूर जाकर उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली होटल मालिक और कर्मचारी को नहीं लगी। इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना 17 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। होटल मालिक दिनेश कुमार काउंटर पर बैठे थे। तभी दो युवक बाइक से होटल पर पहुंचे और खाना खाया। खाना खाने के बाद एक युवक बिना पैसे दिए जाने लगा। दिनेश ने जब खाने के पैसे मांगे तो युवक ने धमकी दी। बाद में उसने पैसे तो दिए, लेकिन साथी के साथ बाइक से जाते समय गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता रहा। दिनेश कुमार के मुताबिक, दोनों युवक होटल से कुछ दूरी पर पहुंचे तो अचानक बाइक रोक दी। पीछे बैठे युवक ने कमर से तमंचा निकाला और उनकी ओर सीधे फायर कर दिया। गोली होटल के सामने वाले कमरे की दीवार में जा लगी। दिनेश और होटल कर्मचारी बाल-बाल बच गए। होटल स्टाफ ने पकड़ने की कोशिश की तो किए हवाई फायर फायरिंग के बाद होटल के कर्मचारी बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन दोनों बाइक स्टार्ट कर भाग निकले। भागते समय बदमाशों ने दो हवाई फायर भी किए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद होटल मालिक और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना दिनेश कुमार ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने होटल की सामने वाली दीवार से फायर किए गए राउंड का खोखा बरामद किया है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। होटल मालिक ने जताया जान-माल का खतरा दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि होटल रात-दिन खुला रहता है। ऐसे में दोनों बदमाशों से उन्हें, उनके परिवार और कर्मचारियों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
Source link
संभल में होटल मालिक पर तमंचे से फायरिंग, VIDEO:खाना खाने के पैसे मांगने पर बदमाशों ने चलाई गोली, खोखा बरामद