संभल में शोभायात्रा के पोस्टर फाड़े, गोबर-काला तेल लगाया:गांव आलमपुर में महर्षि कश्यप शोभायात्रा से पहले घटना, मंत्री डॉ. संजय निषाद होंगे शामिल


संभल में भगवान महर्षि कश्यप और भगवान निषाद राज की शोभायात्रा से पहले प्रचार पोस्टरों पर असामाजिक तत्वों ने गोबर पोत दिया और काला तेल लगाया। निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाना पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। यह घटना संभल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव खानपुर सराय उर्फ आलमपुर की है। निषाद पार्टी युवा के जिलाध्यक्ष प्रेमलाल कश्यप ने मंगलवार को बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने शोभायात्रा और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के स्वागत में लगे पोस्टरों पर गोबर और काला तेल लगाया। कुछ पोस्टर फाड़ भी दिए गए। पूर्व प्रधान हरिराम कश्यप ने बताया कि घटना के अगले दिन ही थाना पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई थी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस ने जांच की बात कही है, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गौरतलब है कि 8 अप्रैल को गांव खानपुर सराय उर्फ आलमपुर में भगवान महर्षि कश्यप और भगवान निषाद राज की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *