संभल में शादी से पहले युवती ने सुसाइड किया:मंगेतर पीएसी जवान समेत माता-पिता पर FIR, 20 लाख रुपए दहेज मांगने का आरोप


संभल में शादी से पांच महीने पहले एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि मंगेतर और उसके माता-पिता ने 20 लाख रुपये दहेज की मांग की थी, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस ने मंगेतर समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। घटना संभल के तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र के गांव कृतिया की है। बीते शनिवार को 27 साल की शिल्पी सिंह ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने रविवार को बताया कि लड़की के पिता पप्पू सिंह की शिकायत पर मंगेतर शिवम राजपूत, उसके पिता मनोज कुमार और मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका शिल्पी की शादी नवंबर 2025 में मुरादाबाद के गांव निवाड़ खास निवासी शिवम राजपूत से तय हुई थी। शिवम का चयन वर्ष 2018 में पीएसी में कांस्टेबल पद पर हुआ था। शादी तय होने के बाद लड़के के सरकारी नौकरी में होने का हवाला देते हुए दहेज की मांग की गई और 20 लाख रुपये पर सहमति बनी थी। पिता ने बताया कि सहमति के बाद भी दहेज की मांग बढ़ती चली गई। शिवम और उसके परिजन फोन पर शिल्पी को कम दहेज देने की बात कहते हुए रिश्ता तोड़ने की धमकी देने लगे थे। शिल्पी ने यह बात अपने माता-पिता को बताई थी, जिस पर उन्होंने उसे समझाया था कि अब रिश्ता तय हो गया है और वे लोग मान जाएंगे।
बार-बार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न के कारण शिल्पी ने शनिवार को यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाई संजीव राघव ने बताया कि मेरी बहन को दहेज की मांग करते हुए सुसाइड करने के लिए उठाया गया है। नवंबर 2025 में मुरादाबाद के थाना भगतपुर क्षेत्र के गांव निवाड़ खास निवासी शिवम से तय किया था। बीआर रिसार्ट में दोनों को दिखाया गया था, उसके 3 महीने बाद दहेज की डिमांड करने लगे। लड़का हमारी बहन को मेंटली हरासमेंट करता था, उसी ने सुसाइड टू अटेंम करने के लिए उठाया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *