![]()
संभल पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान जिला मंत्री सहित चार लोगों के विरुद्ध कुर्की उद्घोषणा का नोटिस चस्पा किया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम 5 बजे ढोल-नगाड़ों के साथ की गई। मामला संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय का है। यह नोटिस अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट से जारी हुआ है। यह नोटिस अपराध संख्या 337/2025 में कुमोद वार्ष्णेय, सुबोध, विनोद पुत्र रामभरोसे और हर्षित पुत्र कुमोद के विरुद्ध जारी किया गया है। वादी अमन ने एक साल पहले दुकान पर पतंग खरीदने को लेकर हुए झगड़े के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। कुमोद पक्ष द्वारा जमानत न कराने पर कोर्ट ने पहले गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था। जमानत न होने के बाद अब न्यायालय ने कुर्की उद्घोषणा जारी की है। पुलिस टीम मोहल्ला सराय पहुंची और ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई। इस दौरान लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई। उद्घोषणा की प्रति आरोपियों के घर पर चस्पा कर विधिवत तामील कराई गई। इससे पहले आरोपियों के खिलाफ जारी वारंटों की तामील नहीं हो सकी थी। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बुधवार शाम 7 बजे बताया कि पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अभियुक्तों के घर पर नोटिस चस्पा किया है और सार्वजनिक ऐलान कर उन्हें इसकी जानकारी दी है। यदि उद्घोषणा की निर्धारित तिथि पर आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होते या जमानत नहीं कराते हैं, तो उनके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संभल में भाजपा के निवर्तमान जिला मंत्री को कुर्की नोटिस:तीन भाई-बेटा आरोपी, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ चस्पा किया