![]()
संभल में शुक्रवार रात तेज हवाओं और बिजली की चमक के साथ हुई आधे घंटे की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इस बारिश के कारण तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बाद शुक्रवार रात 10 बजकर 3 मिनट पर संभल में मौसम ने करवट ली। 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश हुई, जिसमें कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। बारिश से पहले दिन में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था, जो बारिश के बाद गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 15 दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से आम जनमानस को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। आधे घंटे की इस बारिश में लगभग 4 मिलीमीटर वर्षा होने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। गौरतलब है कि मई में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और अप्रैल में 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। सभासद राजेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। वहीं, स्थानीय निवासी मोहम्मद कामिल ने कहा कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद दो दिनों से हो रही बारिश ने मौसम को बदल दिया है और लोगों को गर्मी से निजात मिली है।
Source link
संभल में बारिश से 9 डिग्री गिरा तापमान:तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश, गर्मी से मिली राहत