संभल में बाइकों की भिड़ंत, दो चालकों की मौत:नवविवाहित पत्नी समेत दो घायल, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए


संभल में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो चालकों की मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में एक मृतक की नवविवाहित पत्नी सहित दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। यह घटना गुरुवार शाम लगभग 7:20 बजे जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के रसूलपुर-भिरावटी लिंक मार्ग पर हुई। निजामपुर निवासी 25 वर्षीय सुमित अपनी पत्नी सुमन के साथ बाइक पर गांव सेतुआ जा रहे थे। दूसरी ओर, शेरपुर निवासी विकास और कृपाल भी एक अन्य बाइक पर सवार होकर गांव सेतुआ के निकट मोड़ पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित और कृपाल को मृत घोषित कर दिया। विकास और सुमन इस हादसे में घायल हुए हैं। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना के लगभग एक घंटे तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई थी। मृतक सुमित के परिजन चतुरी सिंह ने जानकारी दी कि सुमित का विवाह दो माह पूर्व ही चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के पगोना गांव की सुमन से हुआ था। गुरुवार को वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था और घर लौटते समय यह दुर्घटना हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *