![]()
संभल में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 सोमवार को शुरू हो गई। जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों में 27,936 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बिजनौर, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जैसे पड़ोसी जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए संभल पहुंचे हैं। परीक्षा केंद्रों पर नगर पालिका परिषद संभल ने टेंट की व्यवस्था की। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में गहन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरी पाली में परीक्षा आयोजित की गई। सुरक्षा के मद्देनजर, किसी भी पुलिसकर्मी या परीक्षा अधिकारी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी, और अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर तलाशी ली गई। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारी और अनुभवों के बारे में बताया। पीलीभीत के अभ्यर्थी सूरत सिंह ने कहा कि उन्होंने सामान्य तैयारी की है और इससे पहले एसएससी की परीक्षा में असफल रहे थे। बिजनौर की मोनिका ने बताया कि उनकी तैयारी अच्छी है और उन्होंने पहले आरपीएफ का एग्जाम भी दिया है, जिसका परिणाम अभी नहीं देखा है। 5 तस्वीरें देखिए- अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में 13 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 4656 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह को भी नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के लिए अलग से कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में आचार्य मुक्तेश हकीम रईस सरस्वती इंटर कॉलेज संभल, बृजरत्न सुंदर आर्य कन्या इंटर कॉलेज संभल, हिंद इंटर कॉलेज संभल, जवाहर लाल मेमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज सिरसी, महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज संभल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज संभल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सिरसी, राजकीय महाविद्यालय हयातनगर संभल, शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल, जेड. यू. इंटर कॉलेज सरायतरीन संभल, इंटरमीडिएट कॉलेज स्टेशन रोड बहजोई, चंद्रपाल आर्य आदर्श इंटर कॉलेज बहजोई और हीरादेवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज बहजोई शामिल हैं।
Source link
संभल में पुलिस भर्ती परीक्षा शुरु, 13 परीक्षा केंद्र बने:27,936 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, संघन चैकिंग और बायोमेट्रिक की बाद प्रवेश मिला