![]()
संभल में साइकिल को चार पहिया वाहन से टक्कर लगने और पैर पर पहिया चढ़ने के विवाद ने दो समुदायों के बीच मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में पांच महिलाओं सहित दर्जनभर लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया और एएसपी व सीओ मौके पर पहुंचे। यह घटना संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित मोहल्ला लाड़म सराय में सोमवार रात करीब 8 बजे हुई। बालकिशन पुत्र रामौतार खेत से साइकिल पर घर लौट रहे थे, तभी फिरोज पुत्र अमीन ने अपनी चार पहिया वाहन से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। विरोध करने पर फिरोज ने बालकिशन के पैर पर गाड़ी का पहिया चढ़ा दिया। इस घटना के बाद शोर मचने पर दोनों पक्षों के लोग मौके पर जमा हो गए और कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्षों के लोग संभल कोतवाली पहुंचने लगे। घायलों को तत्काल मेडिकल जांच के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। दो समुदायों के बीच झगड़े की सूचना पर एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह और सीओ कुलदीप कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, उसके बाद में घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों पक्षों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों ने थाना पुलिस को शिकायतें दी हैं। इस मारपीट में प्रथम पक्ष से शुभम पुत्र बबलू, चंदन पुत्र ओमप्रकाश, वैभव पुत्र आदेश सैनी, बालकिशन पुत्र रामौतार, बबिता पत्नी बाल किशन और जोगेंद्र पुत्र ओमप्रकाश घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से रेहान पत्नी अकबर, सरफराज़ पत्नी अजगर, नसरीन पत्नी मुजीब और मुजीब पुत्र अतीक अहमद घायल हुए हैं। घायल बबीता ने बताया कि उनके पति खेत से साइकिल पर आ रहे थे जब उन्हें गाड़ी से टक्कर मारी गई। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उनके घर पर कोई नहीं था और वे मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच फंसे हुए थे। बबीता के अनुसार, बाद में उनके बिरादरों ने आकर उन्हें बचाया। घायल मुजीब ने कहा कि जैसे ही मैंने देखा कि वो लोग शोर काट रहे थे। क्यों झगड़ा हो रहा है इसी बात पर आकर सरिया मारना या डंडा मारा, फिर चक्कर आ गया।
Source link
संभल में दो समुदायों के बीच बवाल:मारपीट में 12 घायल, पांच महिलाएं भी चोटिल, हंगामे के बीच पहुंची पुलिस