संभल में तीन बाइक सवारों ने बुजुर्ग को मारी टक्कर:नमाज पढ़कर लौट रही थीं, दिल्ली-बदायूं हाईवे पर हुआ हादसा; तीनों युवक घायल


संभल के दिल्ली-बदायूं हाईवे पर एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने महिला को टक्कर मार दी थी। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार तीन युवक भी घायल हुए हैं, जिन्हें रेफर किया गया है। हादसा संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव धनीपुर हाईवे के पास हुआ। मृतक महिला की पहचान 75 वर्षीय शरोफन पत्नी अलीजान, निवासी गांव धनीपुर के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर नमाज अदा करने के बाद शरोफन हाईवे पार कर रही थीं। इसी दौरान गांव दुबारी कलां के तीन युवक बाइक से आ रहे थे और उनकी बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला करीब 8-10 फीट दूर जा गिरी। 108 एंबुलेंस से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुनावई ले जाया गया, लेकिन अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया और घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। शाम करीब 5 बजे घायल बाइक सवार तीनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही। डॉक्टरों ने एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला को कम दिखाई देता था। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *