संभल में ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत:मुंडन संस्कार का सामान लाते समय हादसा, एक घायल, रीढ़ की हड्डी टूटी


संभल में मुंडन संस्कार का सामान लेकर लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तहेरे भाई का साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। यह घटना रविवार रात करीब 8:20 बजे हुई। यह हादसा जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव बहटकरन के पास हुआ। मृतक की पहचान भीकमपुर जैनी गांव निवासी 28 वर्षीय शिशुपाल पुत्र गजराम के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति प्रयागराज निवासी गोलू है। वह मृतक के तहेरे भाई मनसुख के भाई रघुवर का साढ़ू है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गोलू को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक के तहेरे भाई मनसुख ने बताया कि उनके बेटे का सोमवार को मुंडन संस्कार होना था। वे मुंडन संस्कार के लिए टेंट और अन्य सामान लेकर घर लौट रहे थे। बहटकरन मार्ग पर पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे यह दुखद हादसा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। मुंडन संस्कार की खुशियां शोक में बदल गईं। शिशुपाल की पत्नी नीतू का एक साल पहले निधन हो चुका है। अब उनके दो मासूम बच्चे पिंकी (8 वर्ष) और संदीप (6 वर्ष) अनाथ हो गए हैं। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल का उपचार जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *