संभल में ट्रक की टक्कर से किसान की मौत:बाइक चालक घायल हुआ, डीएपी लेने जा रहे थे; ड्राइवर फरार हुआ


संभल में डीएपी खाद लेने जा रहे दो किसानों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक अधेड़ किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह सड़क हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे संभल जनपद की कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र में हुआ। बदायूं रोड स्थित क्रॉसिंग के पास ईसमपुर डांडा गांव की ओर मुड़ते समय ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी। किसान की पहचान 50 वर्षीय तेजपाल पुत्र खुशीराम के रूप में हुई है, जबकि बाइक चला रहे 30 वर्षीय सुरेश पुत्र अवलेश सिंह घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों किसानों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया। डॉक्टरों ने तेजपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर सुनकर दोनों किसानों के परिजन अस्पताल पहुंचे। तेजपाल की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सुरेश के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए हैं। सरकारी अस्पताल से सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। गुन्नौर सीओ अंकित मिश्रा ने बताया कि ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ है, जिसमें एक किसान की मौत हुई है और दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *