बिजली चेकिंग टीम से मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार:बिजली चोरी पकड़ने गए स्टाफ पर हमला, कोर्ट ने जेल भेजा, 20 अज्ञात पर भी FIR


संभल में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायसत्ती थाना पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना 18 सितंबर की रात करीब 11:50 बजे की बताई गई है। पुलिस ने 19 सितंबर को दो नामजद आरोपियों समेत 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। रायसत्ती बिजली उपकेंद्र के जेई मौ. इकरार खान अपनी टीम के साथ लाइन लॉस कम करने के लिए चेकिंग कर रहे थे। टीम में संविदाकर्मी मौ. शाकिर, मौ. नईम, ऋषभ, अरकान, अमित, राहुल कुमार और अभिनंदन शर्मा भी शामिल थे। टीम शहबाजपुरा खुर्द में डॉ. आलम के घर के पास पहुंची। वहां सलीम के घर में बिना मीटर बिजली का इस्तेमाल होता मिला। आरोप है कि एबीसी केबल एलटी लाइन को काटकर बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली विभाग के पास घटना से संबंधित वीडियो भी मौजूद होने की बात कही गई है। जेई और कर्मचारियों से शुरू हुई मारपीट जेई इकरार खान के मुताबिक, टीम ने सलीम को आवाज दी तो वह घर की दो-तीन महिलाओं के साथ बाहर आया। आरोप है कि इसके बाद उसने बिजली कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। शोर सुनकर सलीम का पड़ोसी हनीफ पुत्र अब्दुल नाहीद भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद करीब 20 से 25 अन्य लोग भी वहां जुट गए। आरोप है कि उन्होंने सलीम और उसके परिवार के साथ मिलकर बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट की। जान बचाकर मौके से भागे कर्मचारी शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने बिजली कर्मचारियों को गालियां दीं और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि लोगों ने कहा कि आज बिजली वालों को सबक सिखाकर ही दम लेंगे। स्थिति बिगड़ने पर बिजली कर्मचारी अपनी जान बचाकर मौके से निकल गए। इसके बाद जेई मौ. इकरार खान ने रायसत्ती थाने में शिकायत दी। 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने सोमवार सुबह बताया कि जेई की शिकायत पर सलीम और हनीफ पुत्र अब्दुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने घटना के करीब 48 घंटे के भीतर दोनों को रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *