संभल में गंगा में डूबे 4 किशोर:गोताखोरों ने 3 को बचाया, कक्षा 6 का छात्र लापता; तलाश जारी


संभल की गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर गंगा नदी में पशु चराने गए चार किशोर डूब गए। इनमें से तीन किशोरों को स्थानीय लोगों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि कक्षा 6 का छात्र सुमित कुमार लापता है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। घटना जुनावई थाना क्षेत्र के असदपुर स्थित अस्थायी गंगा घाट पर दोपहर करीब 2:30 बजे की है। गांव के चार किशोर पशु चराने गंगा किनारे गए थे। इस दौरान उनके पशु नदी पार चले गए। उन्हें वापस लाने के प्रयास में चारों किशोर गंगा पार करने लगे और गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे।
किशोरों के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लापता किशोर की पहचान सुमित कुमार (10), पुत्र दिनेश कुमार, निवासी असदपुर के रूप में हुई है, जो कक्षा 6 का छात्र है। बचाए गए किशोरों में देबू (11) पुत्र वीरपाल, विकास (10) पुत्र वीरेश और जगत (12) शामिल हैं। घटना के समय गंगा घाट पर एक अंतिम संस्कार चल रहा था। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव कार्य में सहयोग किया। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक सुमित की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है। बुधवार सुबह उजाला होते ही फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *