![]()
संभल के एक युवक की नोएडा में आंधी के दौरान दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। 25 वर्षीय उमेश कुमार नोएडा में ओला कैब चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उमेश कुमार संभल जिले की गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के पूरन पट्टी गांव का निवासी था। वह नोएडा के कुलसेरा में किराए के मकान में रहता था। गुरुवार दोपहर तेज आंधी के दौरान वह अपने मकान की दूसरी मंजिल पर बने टीन शेड के नीचे आराम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी बदन सिंह के मकान की दीवार का एक हिस्सा तेज हवा के झोंकों से टूटकर टीन शेड पर गिर गया। उमेश मलबे में दब गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसे मलबे से बाहर निकाला। उमेश को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उमेश की शादी तीन साल पहले हुई थी और वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उमेश के चाचा राजपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिजन नोएडा पहुंचे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद उमेश के शव को उसके पैतृक गांव पूरन पट्टी लाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
Source link
संभल के युवक की दीवार के मलबे में दबकर मौत:नोएडा में ओला कैब चलाता था, तीन साल पहले शादी हुई थी