![]()
सुल्तानपुर के कलान स्थित श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बुधवार को ‘नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं सुल्तानपुर जिला प्रभारी मीना चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि दोस्तपुर मंडल अध्यक्ष विजयलक्ष्मी शुक्ला भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मुख्य अतिथि मीना चौबे ने अपने संबोधन में महिलाओं को राष्ट्र की वास्तविक शक्ति बताते हुए कहा कि इतिहास में अनेक वीरांगनाओं ने देश और समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीति और समाज में उनका उचित अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ‘राजू भैया’ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नारी केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सृजन और पोषण की शक्ति है। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज को सहजता से दिशा देने का कार्य करती हैं। डॉ. सिंह ने सरकार के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का समर्थन करते हुए महिलाओं से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम ने शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संस्थान की 2500 से अधिक छात्राएं और महिला अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं, जिससे आयोजन का भव्य रूप देखने को मिला। इस अवसर पर इंटर कॉलेज के प्रबंधक शशिप्रकाश सिंह, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने किया।
Source link
श्री विश्वनाथ कॉलेज में 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम सम्पन्न:भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर