श्री कृष्ण की माखन चोरी लीला का मंचन:वृन्दावन के कलाकारों ने किया जीवंत प्रदर्शन, परिसर जयघोष से गूंजा


औरैया के फफूंद क्षेत्र स्थित ग्राम जैतपुर के महामाया मंगलाकाली धाम मंदिर में चल रहे रासलीला महोत्सव में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बीती रात वृन्दावन के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक ‘माखन चोरी’ लीला का जीवंत मंचन किया, जिसे देखने के लिए क्षेत्रीय जनता का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। आदर्श बाल कृष्ण रासलीला मण्डल, श्री बांके बिहारी कॉलोनी (वृन्दावन) के कलाकारों ने जैसे ही कान्हा की बाल लीलाओं का मंचन शुरू किया, पूरा परिसर ‘जय श्री कृष्णा’ के जयघोष से गूंज उठा। यह महोत्सव चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। लीला में नटखट नंदलाल को अपने बाल-सखाओं के साथ गोपियों के घरों में चोरी-छिपे घुसते और ऊंचे टंगे छीकों से माखन की मटकियां उतारकर आनंद लेते हुए दिखाया गया। गोपियों द्वारा यशोदा मैया से कान्हा की शिकायत करने और कान्हा के मासूम जवाबों ने उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय वातावरण के बीच मां दुर्गा के जयकारों ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालु भाव-विभोर होकर लीला का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम आयोजक आचार्य अर्पण शुक्ला जी महाराज ने बताया कि नवरात्रि का यह पावन पर्व हमें सेवा, श्रद्धा और समाज में एकता का संदेश देता है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर प्रभु की दिव्य लीलाओं का रसपान करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। मंदिर परिसर में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा और बैठने के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *