श्रावस्ती डीएम-एसपी सड़कों पर उतरे, सुरक्षा का जायजा लिया:दसवीं मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी


श्रावस्ती में शुक्रवार को दसवीं मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जनपद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता तैयारी की है। जिलेभर में जुलूसों के मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। आज दसवीं मोहर्रम के जुलूस जनपद भर के विभिन्न स्थानों से निकलेंगे।जुलूसों का तय स्थान पर पहुंचकर समापन होगा। जुलूस कुछ क्षेत्रों में देर रात तक भी जारी रहेंगे। जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है, दरअसल मोहर्रम से हफ्ते भर पहले ही आयोजन शुरू हो जाते हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिलाधिकारी (डीएम) अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल भाटी ने गुरुवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर भिनगा नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च नई बाजार, पुरानी बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज मैदान तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने आमजन को आश्वस्त किया कि जनपद प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या या आशंका होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित करने की अपील की। डीएम ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि मोहर्रम पर्व के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की लगातार निगरानी की जा रही है। भ्रामक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *