![]()
इटावा में एसएसपी आवास से 200 मीटर की दूरी और ईदगाह के सामने स्थित कार रिपेयरिंग गैराज में सोमवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और गैराज में रखा सामान, मशीनरी और कई वाहन जलकर राख हो गए। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना सोमवार शाम करीब आठ बजे की बताई जा रही है, जब गैराज के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। गैराज में रखे टायर और वेल्डिंग के लिए मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए। इन धमाकों की आवाज से आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए। दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही सिविल लाइंस और कोतवाली थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक कई दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार पानी और फोम डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से एसएसपी रोड पर यातायात पूरी तरह रोक दिया और मार्ग को डायवर्ट कर दिया, जिससे बचाव कार्य में कोई बाधा न आए और लोगों की सुरक्षा बनी रहे। गैराज में खड़ी गाड़ियां और सामान जला आग इतनी भयंकर थी कि गैराज में मौजूद रिपेयरिंग का सारा सामान, महंगी मशीनें और ग्राहकों की कई गाड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन वाहन आग की चपेट में आए। देखते ही देखते पूरा गैराज धू-धू कर जलता रहा और कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना उनके बस में नहीं था। गैराज मालिक अनीस ने बताया कि वह दुकान बंद कर बाजार गए थे, तभी आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने तक पूरा गैराज जल चुका था। उन्होंने किसी रंजिश की आशंका भी जताई, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा सकेगा।
Source link
शॉर्ट सर्किट से कार रिपेयरिंग गैराज में लगी आग:इटावा में डेढ़ घंटे में दमकल की टीम ने पाया काबू, मशीनें और गाड़ियां जलकर खाक