बरेली में गिरा 80 साल पुराना शरीफ मियां का मकान:भारी बारिश से दो मंजिला मकान जमींदोज, गली में खड़े 3 स्कूटर दबे


बरेली में रविवार से लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के आजमनगर में सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे 80 साल पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में गली में खड़े तीन स्कूटर दब गए। गनीमत रही कि मकान काफी समय से खाली था। हादसे के वक्त अंदर कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने के बाद पूरी गली मलबे से बंद हो गई। आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। मकान के बराबर वाले घर की दीवारों में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मकान भी कभी भी गिर सकता है। इसके चलते आसपास के परिवारों में डर का माहौल है। 50 गज में बना था दो मंजिला मकान
स्थानीय लोगों के मुताबिक आजमनगर में हरी मस्जिद के पास शरीफ मियां का यह मकान करीब 80 साल पुराना था। करीब 50 गज जमीन में बना दो मंजिला मकान लंबे समय से जर्जर हालत में था। लगातार बारिश के चलते मकान की नींव और दीवारों पर दबाव बढ़ता गया। सोमवार सुबह अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मलबा पूरी गली में फैल गया। गली में खड़े तीन स्कूटर भी इसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए। पहले से जर्जर था मकान, इसलिए नहीं रह रहा था परिवार
स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। इसी वजह से शरीफ मियां का परिवार लंबे समय से इसमें नहीं रह रहा था। मकान खाली होने के कारण हादसे के वक्त कोई व्यक्ति अंदर नहीं था। लोगों का कहना है कि अगर परिवार इसमें रह रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पड़ोसी मकान में आईं बड़ी दरारें
मकान गिरने के बाद सबसे ज्यादा चिंता आसपास के दूसरे मकानों को लेकर है। बराबर वाले मकान में भी कई जगह बड़ी दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक उसकी हालत भी ठीक नहीं है। बारिश जारी रहने के कारण लोगों को आशंका है कि वह मकान भी गिर सकता है। नगर निगम को सूचना, मौके पर नहीं पहुंची टीम
स्थानीय लोगों ने मकान गिरने की सूचना नगर निगम के अधिकारियों को दे दी है। हालांकि, लोगों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद भी अभी तक नगर निगम की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोग मजदूरों की मदद से खुद ही मलबा हटाने में जुटे हैं। लोगों का कहना है कि पिछले कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है। ऐसी बारिश उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। लगातार बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि आसपास के जर्जर मकानों का सर्वे कराया जाए और खतरे वाले मकानों को खाली कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *