![]()
शुभकामना फाउंडेशन द्वारा म्योरपुर में प्रोजेक्ट रोजगार साथी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशल और जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने, विभिन्न विश्वसनीय जॉब पोर्टल्स पर नौकरी के लिए आवेदन करने और इंटरव्यू में पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास के साथ देने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी और फर्जी वेबसाइटों से बचने के उपाय, साइबर सुरक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र हल करने की रणनीति तथा करियर निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शुभकामना फाउंडेशन के सुभाष राय ने बताया कि “प्रोजेक्ट रोजगार साथी” विशेष रूप से उन युवाओं के लिए संचालित किया जा रहा है जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में रहते हैं। इस पहल का लक्ष्य युवाओं को सही दिशा देकर उन्हें सरकारी एवं निजी संस्थानों में रोजगार प्राप्त करने के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार एवं समाज के विकास में योगदान दे सकें।
यह कार्यक्रम वर्चुअल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित किया गया। इसमें एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के छात्र श्रेयांश शाह हैदराबाद से ऑनलाइन जुड़े और उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने की आधुनिक प्रक्रियाओं, डिजिटल जॉब सर्च, प्रोफेशनल प्रोफाइल निर्माण तथा करियर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने श्रेयांश शाह एवं शुभकामना फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम युवाओं के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे रोजगार उन्मुख कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंशुल कुमार शर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।
Source link
शुभकामना फाउंडेशन ने 'प्रोजेक्ट रोजगार साथी' कार्यक्रम किया आयोजित:युवाओं को रोजगार से जुड़ने और ठगी से बचने की जानकारी दी