![]()
माफिया मुख्तार अंसारी के भतीजे गाजीपुर के विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू के गनर राकेश कुमार की हत्या के मामले में गुरुवार 4 बजे सुनवाई टल गई। पुलिस ने इस मामले के आरोपी संदीप कुमार को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता रवि शुक्ल ने बताया कि एडीजे पंचम की कोर्ट खाली होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी, जिसमें अभियोजन पक्ष अपने सबूत पेश करेगा। यह मामला गनर राकेश कुमार की हत्या और सरकारी कार्बाइन, मैगजीन व मोबाइल लूटने से जुड़ा है। पिछली सुनवाई में तत्कालीन एडीजे पंचम राकेश ने आरोपी संदीप के खिलाफ आरोप तय किए थे। यह घटना 25 अक्टूबर 2022 को हुई थी। गनर राकेश कुमार वाराणसी से श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ जा रहे थे। ट्रेन में सफर कर रहे आरोपी संदीप कुमार ने राकेश को चाकू मारकर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान राकेश कुमार की मौत हो गई थी। आरोपी उसकी सरकारी कार्बाइन, मैगजीन व मोबाइल लूटकर फरार हो गया था। राकेश कुमार प्रयागराज जिले के हंडिया थाने के नाहरपुर गांव के रहने वाले थे। जीआरपी के हेड कांस्टेबल आत्मा यादव ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। घटना के बाद आरोपी संदीप फरार हो गया था। बाद में उसे मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चारगांव प्रह्लाद कुंडीपारा से कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गनर हत्याकांड में भी आरोपी बनाया।
Source link
मुख्तार अंसारी के भतीजे के गनर हत्याकांड की सुनवाई टली:आरोपी कोर्ट में हुआ पेश, 15 सितंबर को अगली सुनवाई