शिव चौक कांवड़ कंट्रोल रूम का शुभारंभ:मंत्री और नगर पालिका अध्यक्ष ने काटा फीता; 22 किमी मार्ग की निगरानी


मुजफ्फरनगर में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे शहर के शिव चौक पर नगरपालिका परिषद के कांवड़ कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने फीता काटकर कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने कंट्रोल रूम के पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया और उन्हें उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद शिव चौक से गुजर रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ‘कांवड़ यात्रा को मिली नई पहचान’ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सुविधाओं के साथ नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सेवा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में व्यापक और सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। 400 से अधिक CCTV कैमरों से होगी निगरानी पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि नगरपालिका परिषद नगरीय क्षेत्र के लगभग 22 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं लगातार उपलब्ध करा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 400 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़कर एकीकृत निगरानी की जा रही है। साथ ही खोया-पाया केंद्र भी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सक्रिय है। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पालिकाध्यक्ष ने नगरपालिका अधिकारियों के साथ मेरठ रोड स्थित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में सभासदों, भाजपा पदाधिकारियों, नगरपालिका अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। प्रशासन का कहना है कि कंट्रोल रूम के माध्यम से कांवड़ यात्रा की निगरानी और श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *