शिक्षिका को कार में खींचकर छेड़छाड़:प्रयागराज में युवक बोला- चाचा विधायक हैं हमारे, निकाह करो वरना उठा ले जाऊंगा


प्रयागराज में ट्यृशन पढ़ाकर लौट रही 20 साल की शिक्षिका को लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर लिया गया। उसे रामबाग स्टेशन के भीतर ले जाकर कार में खींचकर छेड़छाड़ की गई। गैर समुदाय के युवक ने कहा कि मेरे चाचा विधायक हैं। मुझसे निकाह कर लो वरना मैं तुम्हे उठा ले जाऊंगा। पीड़िता की शिकायत पर कीडगंज पुलिस ने बुधवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया गया है। वह मुट्ठीगंज क्षेत्र का रहने वाला व्यापारी बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।
बारिश में फंसने का उठाया फायदा
पीड़िता मुट्ठीगंज की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया, में बाई का बाग मोहल्ले में रहकर पढ़ाई करता हूं। खर्च चलाने के लिए ट्यूशन भी पढ़ाती हूं। रोजाना शाम छह से आठ बजे तक ट्यूशन पढ़ाने जाती हूं। 3 अगस्त की रात ट्यूशन पढ़ाने के बाद करीब आठ बजे कमरे पर लौटने लगी।
तेज बारिश हो रही थी और कोई साधन नहीं दिख रहा था। ऐसे में वह इंतजार करने लगी। इसी दौरान एक युवक स्कूटी से आया और लिफ्ट देने की बात कहकर उसे बैठा लिया।
इसके बाद वह मुझे जीवन ज्योति अस्पताल और रामबाग पुल के नीचे के रास्ते से होते हुए रामबाग रेलवे स्टेशन के अंदर ले गया। वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। इसके बाद स्कूटी से उतारकर मुझे जबरन कार में खींच लिया और छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने और चीखने पर उसे धमकाकर चुप करा दिया और कहा कि वह कई दिनों से उसका पीछा कर रहा है।
‘मेरे चाचा विधायक हैं, तुमसे निकाह करूंगा’
युवती की ओर से पुलिस को बताया गया, मैं डरी सहमी सब कुछ सहती रही। छेड़छाड़ कर रहे युवक ने यह भी कहा कि ‘मेरे चाचा विधायक हैं। तुम्हें मेहनत करने की जरूरत नहीं है। मैं तुम्हारे परिवार का पूरा खर्च उठाऊंगा। तुमसे शादी कर तुम्हें प्रिंसेस की तरह रखूंगा।’ मेरे मना करने पर उसने जबरन निकाह करने का दबाव बनाया और लगातार गलत तरीके से छूता रहा।
दोस्त का फोन भी नहीं उठाने दिया
जिस वक्त यह सब हो रहा था, उसी वक्त मेरी दोस्त का फोन आया, लेकिन युवक ने धमकाकर उसे कुछ भी बताने से रोक दिया। फिर मेरा मोबाइल छीन लिया और अपना नंबर डायल कराया। यह भी कहा कि इस नंबर पर मुझसे बात करना, नहीं तो मैं तुम्हें दोबारा उठा लूंगा। यह भी कहा कि उसे मालूम है कि वह कब और किस रास्ते से आती जाती है।
ट्रूकॉलर और व्हाट्सएप से हुई पहचान
युवती के मुताबिक, किसी तरह वहां से बचकर वह अपने कमरे पर आई और दोस्त को पूरी घटना बताई। इसके बाद आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रूकॉलर पर चेक किया गया, जिस पर वाहिद अली नाम लिखकर आया। इस नंबर से चल रहे व्हाट्सएप पर प्रोफाइल फोटो और कार की तस्वीर उसी युवक की थी जिसने उसके साथ वारदात की थी।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
घटना के बाद एक दिन तक दहशत के चलते वह कमरे से बाहर नहीं निकली। बुधवार शाम वह किसी तरह हिम्मत करके थाने पहुंची और तहरीर दी। कीडगंज थानाध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि छेड़छाड़, शादी के लिए महिला को अगवा करने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को ट्रेस कर लिया गया है और उसकी तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *