![]()
शाहजहांपुर में एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिलहर निवासी 53 वर्षीय श्यामलाल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पेट दर्द होने पर बेटे उन्हें दवा दिलाने मेडिकल स्टोर ले गए थे, जहां इंजेक्शन लगाने के कुछ ही मिनट बाद उनकी मौत हो गई। यह घटना तिलहर थाना क्षेत्र के हुसैनापुर की है। श्यामलाल परिवार के साथ हरियाणा में मजदूरी करते थे और होली से चार दिन पहले अपने घर आए थे। शुक्रवार शाम उनके पेट में दर्द उठा, जिसके बाद उनके बेटे ब्रजेश उन्हें बाइक से रेलवे फाटक के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा दिलाने ले गए। बेटे ब्रजेश के अनुसार, मेडिकल स्टोर पर पहले श्यामलाल को एक खुराक दवा दी गई। इसके बाद स्टोर पर मौजूद व्यक्ति ने कहा कि इंजेक्शन लगाने से दर्द जल्दी ठीक हो जाएगा। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के पांच मिनट बाद ही श्यामलाल बेहोश होकर गिर पड़े। मेडिकल स्टोर संचालक ने ही ऑटो मंगवाकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे दोबारा मेडिकल स्टोर पर गए, तो स्टोर बंद था और उसके बाहर लिखा नाम भी मिटा दिया गया था। स्टोर संचालक वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
शाहजहांपुर में मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन से मौत:पेट दर्द होने पर बेटा दवा दिलाने ले गया था, बोला- 5 मिनट बाद पापा बेहोश होकर गिर गए