शाहजहांपुर की मुख्य आरक्षी रितु ने जीता स्वर्ण:अहमदाबाद-गुजरात में प्रथम वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन


शाहजहांपुर की महिला मुख्य आरक्षी रितु ने प्रथम वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद और उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 से 8 जून 2026 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित की गई थी। थाना खुदागंज में तैनात मुख्य आरक्षी रितु ने 6 जून 2026 को ट्रेडिशनल इंडिविजुअल इवेंट में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने योग कौशल, संतुलन और अनुशासित प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए यह स्वर्ण पदक हासिल किया। रितु वर्ष 2023 से 06वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ की योगा टीम के साथ लगातार अभ्यास और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके नियमित प्रशिक्षण, कठिन परिश्रम और समर्पण ने उन्हें यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने में मदद की। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद, महिला मुख्य आरक्षी रितु को वर्ल्ड योगासन भारत के निदेशक डॉ. जयदीप आर्या और अहमदाबाद के विधायक हर्षद पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों, सहकर्मियों और अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि उनकी यह सफलता विभाग में कार्यरत अन्य कर्मियों, विशेषकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *