शामली में करंट लगने से सास-बहू की मौत:सास बल्ब जलाने के दौरान चपेट में आई, बचाने आई बहू ने भी दम तोड़ा


शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसरेवा खुर्द में शनिवार को बिजली का करंट लगने से सास और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बतून पत्नी शेरदीन और उनकी बहू खुशनुमा पत्नी रोजुदीन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, यह हादसा घर में बल्ब जलाने के दौरान हुआ। बताया गया कि सबसे पहले बतून बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में बहू खुशनुमा भी करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि दोनों महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक खुशनुमा के पति रोजुदीन ने बताया कि रात में सास, बहू और एक बेटा घर पर थे। सुबह जब वह दूध निकालने के लिए घर पहुंचे, तो उन्होंने दोनों को नीचे पड़ा देखा। रोजुदीन के छह बेटे और तीन बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। हालांकि, परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *