शामली डाक कांवड़ पिकअप खेत में पलटी, कांवड़िये बाल-बाल बचे:पानीपत-खटीमा मार्ग पर हादसा, बारिश की गीली मिट्टी बनी वजह


शामली में पानीपत-खटीमा कांवड़ मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक डाक कांवड़ पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार करीब आठ से दस कांवड़िये बाल-बाल बच गए और किसी को कोई चोट नहीं आई। यह घटना बनतीखेड़ा फ्लाईओवर के आगे हुई। जानकारी के अनुसार, पानीपत, हरियाणा के कांवड़ियों का एक दल हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पानीपत की ओर जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बनतीखेड़ा फ्लाईओवर से आगे खेड़ी बैरागी शिव मंदिर से पहले उनकी टाटा छोटा हाथी पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया गया कि सड़क किनारे की मिट्टी बारिश के कारण गीली और फिसलन भरी होने के कारण वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। देखें, 2 तस्वीरें… हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कांवड़ियों का हालचाल पूछा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल एक हाइड्रा मशीन मंगवाकर खेत में पलटी टाटा छोटा हाथी को सुरक्षित बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में किसी भी कांवड़िये को कोई चोट नहीं आई और न ही कोई जनहानि हुई। वाहन को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सभी कांवड़िये अपनी डाक कांवड़ के साथ पानीपत की ओर आगे बढ़ गए। इस बड़े हादसे में बाल-बाल बचने पर कांवड़ियों ने राहत की सांस ली।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *