![]()
बरेली में एक सड़क हादसे में घायल 25 वर्षीय युवक संजू की शाहजहांपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा संजू की शादी से ठीक 24 घंटे पहले हुआ था। घायल होने के बावजूद संजू अपनी बारात लेकर पहुंचा और दूल्हा बनकर बग्गी पर भी बैठा, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह फेरे नहीं ले पाया। संजू बरेली जिले के थाना फरीदपुर क्षेत्र के करनपुर इलाका शंकरपुर का निवासी है। 25 वर्षीय संजू की शादी थाना तिलहर क्षेत्र के रजपुरी गांव में तय हुई थी। 27 अप्रैल को संजू को दूल्हा बनकर बारात लानी थी। 26 अप्रैल की रात करीब नौ बजे, संजू अपने कुछ मेहमानों को लेने के लिए बाइक से केसरपुर जा रहा था, तभी एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के दोनों पहिये उसके निचले हिस्से से गुजर गए। हादसे में संजू की आंतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हादसे के बाद परिजनों ने घायल संजू को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 27 अप्रैल की शाम तक उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ, तो संजू ने शादी करने का फैसला किया। डॉक्टरों ने उसे दो घंटे की छुट्टी दी, ताकि वह विवाह संपन्न कराकर वापस अस्पताल में भर्ती हो सके। परिजन घायल संजू को दूल्हा बनाकर सीधे रजपुरी गांव पहुंचे, जहां बारात आनी थी। संजू को बग्गी पर बैठाया गया और धूमधाम से गाने बजाए गए। हालांकि, कुछ ही देर में उसकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी। इसके बाद उसे 27 अप्रैल की रात ही शाहजहांपुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद परिवार को बताया कि हादसे में संजू की आंतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उसकी शादी अधूरी रह गई और इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई। शाहजहांपुर में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। संजू के परिवार ने दुल्हन को दिए जाने वाले सामान को उसके परिजनों को सौंप दिया। गौरतलब है कि 27 अप्रैल को ही संजू के पिता को भी एक बाइक ने टक्कर मार दी थी और उनका इलाज बरेली के अस्पताल में चल रहा है।
Source link
शादी से पहले दूल्हे की मौत:सड़क हादसे में हो गया था घायल, बरेली से बारात लेकर शाहजहांपुर पहुंचा था