![]()
फतेहपुर में एक युवक का शव शनिवार को उसके कमरे में फांसी के फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला था। युवक ने 15 दिन पहले ही परिवार के विरोध के बावजूद एक शादीशुदा महिला से निकाह किया था। रविवार को परिजनों ने शव को दफनाने से इनकार कर दिया और आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। यह घटना जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के अमाव गांव के निवासी शमसुल हक के 22 वर्षीय पुत्र समीर के साथ हुई। समीर पिछले कुछ दिनों से खागा कस्बे में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। शनिवार को उसका शव कमरे में लटका पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची खागा पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार के दिन मृतक के पिता शमसुल हक ने बताया कि करीब 15 दिन पहले समीर एक महिला आरजू उर्फ शबनम से प्रेम प्रसंग के चलते उससे निकाह करना चाहता था। परिवार की ओर से सहमति न मिलने पर वह घर छोड़कर खागा कस्बे में किराए का मकान लेकर रहने लगा था।
उन्होंने बताया कि समीर ने उस महिला के साथ निकाह कर लिया था और मुंबई जाने की भी चर्चा चल रही थी। मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पिता ने बताया कि उनके चार पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें अरशद (30), इसबाबुल (26), रोशनी (24), समीर (22) और फैज़ान (14) शामिल हैं। मृतक समीर एक साल से सूरत में एसी का काम करता था।
Source link