शराब तस्करी करते कन्नौज पुलिस ने 2 को पकड़ा:4 लाख की हरियाणा मार्का शराब बरामद, बिहार ले जा रहे थे


कन्नौज पुलिस ने अन्तर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी करने वाले 2 युवकों को शराब की पेटियों समेत गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से रॉयल ग्रीन और सिग्नेचर ब्रांड की हरियाणा मार्का शराब भी बरामद की। जिसकी कीमत 4 लाख रुपये आंकी गई। कोतवाली प्रभारी कोतवाली जितेंद्र प्रताप सिंह रविवार दोपहर बाद फोर्स के साथ पाल चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि पाल चौराहा अण्डर पास से एक पिकअप निकल रही है। जिसमें अवैध तरीके से शराब तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप को रुकवा लिया। जिसमें 24 पेटी (रायल ग्रीन) व 19 पेटी (सिगनेचर) हरियाणा मार्का शराब बरामद की। शराब तस्करी में पुलिस ने राहुल कुमार (19) निवासी ग्राम चकेशो जिला वैशाली बिहार और मनी कुमार (20) निवासी महुआ जिला वैशाली बिहार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के खिलाफ कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने पूछताछ के दौरान कहाकि हम लोग यह शराब हरियाणा से सस्ते दामों पर लेकर बिहार में अधिक दाम पर बेचते हैं। क्योंकि बिहार में शराब पर प्रतिबन्ध है, तो वहां शराब की बिक्री के ठीक-ठाक पैसे मिल जाते हैं। शराब बेचने पर जो पैसा हमें मिलता है, उसको आपस में बांट लेते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *