व्यापारियों की समस्याओं पर सपा का मंडलीय सम्मेलन:उद्योगों की कमजोर स्थिति और सरकारी कार्रवाई के मुद्दे पर व्यापारियों से चर्चा करेगी सपा


उद्योग और व्यापार की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा अब मंडलीय सम्मेलन में मुद्दा उठाएगी। सपा का आरोप है कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के बजाय सरकारी नीतियों और विभागीय कार्रवाई से व्यापारी परेशान हैं। इसी को लेकर 12 अगस्त को विजय नगर, रिंग रोड स्थित नवरंग भवन में व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें आगरा मंडल के व्यापारियों की समस्याओं, सरकारी उत्पीड़न, व्यापार को बढ़ावा देने और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी। सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आमंत्रण पत्र का किया विमोचन सम्मेलन को लेकर मंगलवार को फतेहाबाद रोड स्थित सपा जिला कार्यालय में आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में आगरा मंडल के उद्योगों और व्यापारियों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही व्यापार को बढ़ावा देने, व्यापारियों को सरकारी उत्पीड़न से राहत दिलाने और व्यापारी समाज को मजबूत करने पर विचार-विमर्श होगा। उन्होंने कहा कि आगरा के उद्योग और व्यापार को मजबूत किए बिना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति नहीं दी जा सकती। सरकार को व्यापारियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना चाहिए। छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याएं उठाने का दावा कार्यक्रम संयोजक और सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने महंगाई, नोटिस, चालान और सरकारी विभागों की कार्रवाई व वसूली को लेकर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इन कारणों से व्यापारी आर्थिक परेशानी और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। राकेश अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है। इसी क्रम में प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। आगरा मंडलीय सम्मेलन के जरिए व्यापारियों की समस्याओं को सामने लाने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई जाएगी। व्यापारियों को संगठन से जोड़ने पर भी जोर सम्मेलन में व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने और संगठन को मंडल स्तर पर मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से आगे रखने पर भी चर्चा होगी। आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सपा व्यापार सभा जिला अध्यक्ष संजीव पोरवाल, सपा महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश गुप्ता, श्याम भोजवानी, हरि सिंह पंडित, विनीत यादव, विजेंद्र यादव, राम चरण पोरवाल, राजकुमार यादव, इलियास सिद्दीकी, मनीष भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *