![]()
मुजफ्फरनगर में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचकर सियासी तापमान बढ़ा दिया। मेरठ रोड स्थित पार्टी नेता अरशद गौड़ के आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान चौहान ने साफ शब्दों में कहा, अब वो दौर खत्म हो चुका है जब हमारे वोट से दूसरे नेता बनते थे, अब वोट भी हमारा होगा और नेता भी हमारा ही होगा।” शादाब चौहान ने पश्चिम बंगाल और असम के चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए ममता बनर्जी पर सीधा निशाना साधा और कहा कि “हमारे वोट पर कोई और क्यों राज करे?” उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि ये दल वर्षों से मुस्लिम समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करते आए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “उनका अपना कोर वोट ही उनके साथ नहीं है, फिर भी वो मुस्लिम वोटों के सहारे सत्ता चाहते हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में “सियासी डकैती” का खेल अब बंद होगा और मुस्लिम समाज अब किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। पीडीए के फॉर्मूले पर कटाक्ष करते हुए चौहान ने कहा कि ए फॉर अखिलेश और ए फॉर अमित शाह दोनों मिलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मुसलमान “दरी बिछाने और डंडा खाने” की राजनीति से बाहर निकल चुका है और अपने हक की लड़ाई खुद लड़ेगा। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर AIMIM ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पार्टी पहले चरण में 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी है और संगठनात्मक स्तर पर 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। चौहान ने साफ किया कि उनकी राजनीति किसान, व्यापारी और अल्पसंख्यक मुद्दों के इर्द-गिर्द होगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मॉब लिंचिंग और भेदभाव का मुद्दा उठाया और चेतावनी दी कि अगर उनकी सरकार बनी तो “संतुलित और सख्त फैसले” लिए जाएंगे। गन्ना भुगतान को लेकर उन्होंने कहा कि “अगर 24 घंटे में भुगतान नहीं हुआ तो मिलों से दोगुना वसूला जाएगा।
Source link
वोट हमारा, राज तुम्हारा अब नहीं चलेगा:मुजफ्फरनगर में शादाब चौहान बोले- अखिलेश यादव मुस्लिमों के वोट की राजनीति करते हैं