वैश्य महासम्मेलन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा:मुर्गा बनाकर बुजुर्ग से मारपीट मामले में उचित धाराओं की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी


शाहजहांपुर में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों ने सीओ पुवायां को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने एक बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया। वैश्य समाज ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने इस मामले में हल्की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पदाधिकारियों ने बताया कि नाहिल गांव निवासी उमाशंकर गुप्ता के साथ एक पक्ष ने मारपीट की थी। आरोप है कि उन्हें ‘मुर्गा’ बनाकर उनका सिर पैर पर रखवाया गया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। महासम्मेलन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
वैश्य महासम्मेलन का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ केवल औपचारिकता पूरी की गई है, जिससे पीड़ित परिवार और समाज में असंतोष है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और सड़क जाम करने की चेतावनी दी गई है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वैश्य समाज ने पुराने मामले में उचित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और बयानों तथा विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पीड़ित को कथित तौर पर इसलिए पीटा गया था क्योंकि उसने दबंगों के विरोधी पक्ष की मदद की थी और उनके युवकों को थाने में खाना दिया था। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *