विधायक चौधरी बाबूलाल ने पुलिसकर्मियों पर लगाए वसूली के आरोप:6 पुलिसकर्मियों के नाम के साथ पुलिस कमिश्नर को सौंपा शिकायत पत्र


आगरा की फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपनी विधानसभा के चार थानों से जुड़े छह पुलिसकर्मियों पर वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। विधायक ने पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत के साथ आरोपों से जुड़े साक्ष्य भी पुलिस आयुक्त को सौंपे हैं।
विधायक का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी बिना पैसे लिए कोई काम नहीं करते। मनमाने तरीके से कार्रवाई कर आम जनता को परेशान किए जाने की शिकायत भी उन्होंने की है।
इन पुलिसकर्मियों के नाम शिकायत में
शिकायती पत्र में किरावली थाने के एसएसआई मनोज दीक्षित, हेड मोहर्रिर संदीप कुमार, रुनकता चौकी प्रभारी आशीष त्यागी, एसआई तरुण चौधरी, मिढ़ाकुर चौकी के अमित कुमार और अछनेरा थाने के कारखास मुकेश यादव के नाम शामिल हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि इन पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली से क्षेत्र की जनता परेशान है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू कराई जांच
डीसीपी पश्चिमी आदित्य ने बताया कि विधायक की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *