विधान परिषद समिति ने की विकास कार्यों की समीक्षा:मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम पर चर्चा


मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार देर शाम उत्तर प्रदेश विधान परिषद की एक समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत और नगर निगम से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। सभापति कुंवर महाराज सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विधायक विजय बहादुर पाठक, पवन कुमार सिंह, एमएलसी योगेश नौहवार और एमएलसी ओम प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समिति ने विशेष रूप से नगर निगम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि नगर निगम दो शिक्षण संस्थान चलाता है। हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज और नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज। हजारीमल सोमानी इंटर कॉलेज में 23 स्वीकृत पदों में से छह रिक्त हैं, और वाणिज्य वर्ग के लिए चार प्रवक्ताओं की आवश्यकता है। बालिका इंटर कॉलेज में 15 पदों के मुकाबले केवल आठ शिक्षक कार्यरत हैं। स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के लिए नगर निगम ने 272 हैंड स्प्रे मशीनें और 10 फॉगिंग मशीनें खरीदी हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 119 पार्क हैं, जिनकी देखरेख निगम द्वारा की जा रही है, हालांकि इनसे कोई आय नहीं होती है। शहर के सदर बाजार में एक डिस्पेंसरी भी संचालित की जा रही है। बैठक में जिला पंचायत की 11,749.73 वर्गमीटर खाली भूमि, ग्राम पंचायतों के हाट-बाजारों से होने वाली आय और तालाबों के पट्टों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद से भूमि अधिग्रहण, अवैध कब्जों को हटाने और शेष भूमि की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *