![]()
फिरोजाबाद के वार्ड नंबर 30 स्थित रसूलपुर की गली नंबर 17 में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। निवासियों ने आरोप लगाया कि नाली और सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है और कई घरों तक गंदा पानी पहुंच जाता है। ज्ञापन में बताया गया कि अधूरे निर्माण कार्य के कारण जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। थोड़ी सी बारिश होने पर पूरी गली में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जलभराव के कारण कई बार फिसलकर चोट लगने की घटनाएं भी हुई हैं। मोहल्लावासियों का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम पहुंचे क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों से गली नंबर 17 का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश, सुमित गुप्ता, रति राठौर, सुनीता, संजू गुप्ता, सिया, आराधना, कमला देवी, नीरू सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल थे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
Source link
वार्ड 30 में जलभराव से लोग परेशान:फिरोजाबाद में महिलाओं ने जताया विरोध, अधूरे निर्माण से परेशानी