वाराणसी में युवती ने फंदे से लटककर की आत्महत्या:परिजनों ने लगाया युवक पर प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया इलाके में सोमवार को एक युवती ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी तब हुई जब मकान मालकिन ने कमरे का दृश्य देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता की अनुपस्थिति में उठाया आत्मघाती कदम जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार गुप्ता किरहिया इलाके में एक मकान किराए पर लेकर रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी रंजू गुप्ता, दो बेटे और एक 18 वर्षीय बेटी आयुषी गुप्ता थी। सोमवार को पिता अनूप अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे, जबकि मां भी किसी काम से बाहर थीं। भाई भी घर पर मौजूद नहीं थे। दोपहर के वक्त जब घर में कोई नहीं था, तब आयुषी ने कमरे के भीतर पंखे के सहारे फंदा बनाया और उस पर झूल गई। कुछ देर बाद जब मकान मालकिन किसी काम से उधर गईं, तो खिड़की से आयुषी को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल शोर मचाते हुए पुलिस और मृतका के माता-पिता को सूचित किया। हाल ही में पास की थी इंटरमीडिएट की परीक्षा परिजनों ने बताया कि आयुषी पढ़ने में होनहार थी और उसने हाल ही में कक्षा 12वीं की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की थी। वह आगे की पढ़ाई की तैयारी और अपने भविष्य को लेकर काफी उत्साहित रहती थी। अचानक उसके इस आत्मघाती कदम से पूरा परिवार स्तब्ध है। पुलिस जांच में जुटी घटना के कारणों को लेकर भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतका आयुषी कश्मीरी गंज इलाके के रहने वाले हर्ष नाम के युवक से लगातार बातचीत करती थी और वह उसी युवक से शादी करना चाहती थी। दूसरी ओर, मृतका के माता-पिता और परिजनों ने कश्मीरी गंज के उक्त युवक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि युवक पिछले कुछ समय से आयुषी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर उनकी बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया। परिजनों ने युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *