वाराणसी में टोटो और नगर-निगम की कूड़ा गाड़ी में टक्कर:महिला का पैर कटा, बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज


वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर नादिया मार्ग पर शनिवार को टोटो और नगर निगम की कूड़ा गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो में सवार सब्जी बेचने वाली एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में महिला का एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि नगर निगम की कूड़ा गाड़ी कूड़े से ओवरलोड होकर सुंदरपुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान बगल से एक टोटो गुजर रहा था। दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद महिला का पैर टोटो और सड़क के डिवाइडर के बीच फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा। हादसे की सूचना महिला के परिजनों को भी दे दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टोटो और नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को मौके पर खड़ा करा दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *