![]()
बांदा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बांदा-डिंगवाही रेलवे खंड से की गई। आरोपी ने पूछताछ में नशे की हालत में ट्रेन पर पत्थर मारने की बात स्वीकार की है। रेलवे सुरक्षा बल थाने की प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लोहिया पुल के पास रेलवे लाइन किनारे एक व्यक्ति घूम रहा है और पत्थर फेंक रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम किमी नंबर 1320/5-7 पर पहुंची। मौके पर आरोपी रेलवे ट्रैक किनारे बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपनी पहचान संजय वर्मा (23) निवासी भूरागढ़, थाना मटौंध के रूप में बताई। संजय वर्मा ने बताया कि वह नशे का आदी है और कबाड़ बीनने का काम करता है। उसने स्वीकार किया कि लगभग चार-पांच दिन पहले शाम के समय उसने नशे की हालत में बांदा स्टेशन की ओर से आ रही लाल रंग की नई ट्रेन (वंदे भारत एक्सप्रेस) पर पत्थर फेंका था। आरोपी के अनुसार, उसे लगा था कि ट्रेन उस पर चढ़ जाएगी, जिसके गुस्से में उसने यह कृत्य किया। संजय वर्मा के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Source link
वंदे भारत में पत्थर फेंकने वाला हुआ गिरफ्तार:बांदा के आरोपी ने शराब के नशे में पत्थर फेंकने की बात मानी