![]()
बांदा के तिंदवारी विकासखंड की ग्राम पंचायत खौंडा मजरा दतरौली गांव में दो दिन से लापता 35 वर्षीय महिला रेखा यादव का शव शुक्रवार सुबह उसरा नाले के पास झाड़ियों में फंसा मिला। परिजनों ने गुरुवार सुबह से ही उनकी तलाश शुरू की थी। दो दिन से चल रही थी तलाश गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे रेखा यादव शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर बह रहे उसरा नाले पर गई थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। नाले के पास उनकी चप्पलें उतरी हुई मिलीं, जिससे परिजनों को नाले में डूबने की आशंका हुई। नाले में डूबने से मौत की आशंका परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना अध्यक्ष अनिल साहू घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नाले में जाल डलवाकर महिला की तलाश शुरू की। हालांकि, गुरुवार पूरे दिन की कड़ी मशक्कत के बाद भी रेखा यादव का कोई पता नहीं चल सका था। शुक्रवार सुबह पुलिस प्रशासन ने गोताखोरों के माध्यम से नाले पर फिर से खोजबीन शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर नाले के घुमावदार मोड़ पर झाड़ियों और चारे के बीच रेखा यादव का शव फंसा हुआ मिला। मानसिक रूप से विक्षिप्त थीं मृतक रेखा यादव के पति जोगा यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह शौच के लिए नाले पर गई थीं, लेकिन लौटकर नहीं आईं। रेखा यादव के दो बेटियां आशा और सीमा तथा एक बेटा आर्यन है। थाना अध्यक्ष अनिल साहू ने बताया कि मृतक रेखा यादव मानसिक रूप से विक्षिप्त थीं और पिछले 7 वर्षों से कानपुर के महिंद्रा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पुलिस ने मृतक की खोजबीन के लिए रात में नाले पर पुलिस पिकेट की ड्यूटी भी लगाई थी और जाल भी डलवाया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Source link
लापता महिला का शव नाले की झाड़ियों में फंसा मिला:बांदा के तिंदवारी में दो दिन से चल रही थी तलाश, पुलिस ने किया बरामद