![]()
ललितपुर में रिटायर टीचर ने कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेटे अनुराग ने बताया कि उनके पिता तीन पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ गए हैं, जिसमें उन्होंने कई लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। मामला बार थाना क्षेत्र के चिगलौआ गांव का है। चिगलौआ गांव निवासी राजाराम गोस्वामी गुरुवार दोपहर में जहर पीकर आत्महत्या कर ली। बेटे अनुराग गोस्वामी उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार लेकर पहुंचे, जहां डॅाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, राजाराम गोस्वामी ने मौत से पहले तीन पत्र सौंपे थे। इनमें उन्होंने गांव के कुछ लोगों के अलावा लखनऊ के एक सेवानिवृत्त डीजी एलवी एंटनी का नाम लेते हुए वर्षों से मानसिक उत्पीड़न और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में उन्होंने 2002 की एक घटना का भी उल्लेख किया है, जिसमें उन्होंने अपने साथ हुई पुलिस कार्रवाई और अपमान का जिक्र किया है। अनुराग गोस्वामी ने कहा कि जब तक उनके पिता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की मांग की है। बताया गया कि राजाराम गोस्वामी 8 जुलाई को एससी-एसटी एक्ट से जुड़े एक मामले में न्यायालय में पेश हुए थे। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विधिक जांच की जाएगी।
Source link
ललितपुर में रिटायर टीचर ने जहर पीकर दी जान:2 पन्ने का लिखा सुसाइड नोट, पूर्व DG समेत पुलिसकर्मियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप