ललितपुर में जन-कल्याण कार्यक्रम होगा:'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत होगा वृक्षारोपण, 5 से 21 जून तक चलेगा


ललितपुर जिले में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बुधवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रमवार नोडल नामित किया और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ भव्य आयोजन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे सरकार के इस अभियान में पूरी ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने ‘अंत्योदय’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए भव्यता के साथ आयोजन करने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि इन कार्यक्रमों की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के साथ होगी। इस दिन जिला स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज में सांकेतिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री की अपील के क्रम में सभी विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदियों और नहरों के किनारे पारंपरिक व फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए डीएफओ को नोडल और खंड विकास अधिकारियों को सह-नोडल बनाया गया है। इसी क्रम में, 8 से 14 जून तक विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी और उपलब्धियां पहुंचाई जाएंगी। जनपद के प्रबुद्ध वर्ग से संवाद किया जाएगा, सर्वाधिक अस्वच्छ सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित कर उनकी सफाई की जाएगी और प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण पर संवाद होगा। साथ ही, ‘सरकार आपके द्वार’ स्वरूप में जन-समस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और अधिशासी अधिकारी (ईओ) को नोडल तथा उपायुक्त उद्योग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, समस्त ईओ और जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को सह-नोडल नामित किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *