![]()
ललितपुर जिले के ग्राम जिजयावन में शनिवार शाम तेज आंधी के कारण तीन कच्चे मकान ढह गए। इस हादसे में दादा-दादी, पिता-पुत्री सहित पांच लोग घायल हो गए। आंधी की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना शनिवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। कोतवाली सदर क्षेत्र के जिजयावन गांव में सुखदयाल अहिरवार (35), उनकी चार वर्षीय बेटी शिवांशी, पिता नत्थू अहिरवार (55), मां भागवती (50) और चाची श्यामबाई (50) अपने कमरों में बैठे थे, तभी तेज हवाओं के कारण तीनों कमरे गिर गए। मलबे में दबकर सभी लोग घायल हो गए। घर का घरेलू सामान भी मलबे में दब गया।
आंधी के कारण आंगन में खड़े महुआ के दो पेड़ भी धराशायी हो गए, जिनकी चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इसी बीच, मड़ावरा क्षेत्र से एक अन्य घटना सामने आई है। ग्राम सैदपुर में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय किशोरी साक्षी कुशवाहा की मौत हो गई। साक्षी अपने खेत पर थी, तभी तेज बारिश के दौरान वह बिजली की चपेट में आ गई। उसे तत्काल महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Source link
ललितपुर में आंधी से मकान गिरा:परिवार के पांच लोग घायल, भैंस की मौत; बाइक क्षतिग्रस्त