लखीमपुर में किसानों ने DM को सौंपा ज्ञापन:खाद, बिजली और सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की मांग


लखीमपुर खीरी में भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. घनश्याम यादव के नेतृत्व में किसानों ने शुक्रवार दोपहर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें खाद की उपलब्धता, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि फूलबेहड़ ब्लॉक के ग्राम नरहर में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम दर्ज सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। प्रशासन द्वारा जमीन खाली कराने का आदेश दिए जाने के बावजूद अभी तक कब्जा नहीं हटाया गया है। संगठन ने तत्काल जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की। किसान नेताओं ने जिले भर में खाद की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा खाद की कमी न होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। संगठन ने समितियों पर खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग भी की गई। किसानों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, साथ ही बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में सरकारी समितियों पर किसानों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने और छोटे-बड़े सभी किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल थी। इस दौरान संगठन के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *