लखीमपुर-खीरी में 28 वाहन सीज, 43 के चालान:एआरटीओ ने अवैध यात्री वाहनों पर की कार्रवाई, तीन स्कूल बसें भी शामिल


लखीमपुर खीरी में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शांति भूषण पाण्डेय ने अवैध वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को तिकुनिया क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 28 वाहनों को सीज किया गया और 43 वाहनों के चालान काटे गए। यह अभियान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें थाना शारदानगर, ढकेरवा, पढ़ुआ, निघासन और सिंगाही क्षेत्रों को कवर किया गया। एआरटीओ ने बताया कि यह कार्रवाई परमिट शर्तों के उल्लंघन, क्षमता से अधिक सवारी ढोने, ओवरलोडिंग और फिटनेस फेल होने जैसे विभिन्न परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में की गई। जिला बस ऑपरेटर्स की शिकायत पर स्टेज कैरिज मार्गों पर अवैध रूप से संचालित यात्री वाहनों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान मुख्य मार्गों पर नियमों के विपरीत चल रहे ई-रिक्शा और अन्य यात्री वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान तीन स्कूल बसों पर भी कार्रवाई की गई। आधारशिला एकेडमी की एक स्कूल बस के सभी आवश्यक दस्तावेज अवैध पाए गए, जबकि उसमें छात्र-छात्राओं का परिवहन किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त, गुरुनानक देव शिक्षा एकेडमी, तिकुनिया और एसबी मॉडर्न स्कूल के एक-एक वाहन के विरुद्ध भी चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई। एआरटीओ शांति भूषण पाण्डेय ने आम जनता से अपील की है कि वे क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले या बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों में यात्रा न करें। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को भी निर्देश दिया कि वे बिना वैध फिटनेस और दस्तावेजों वाले वाहनों से बच्चों का परिवहन न कराएं। ऐसा न करने पर दुर्घटना की स्थिति में संबंधित स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *