![]()
लखनऊ के विकास को नई रफ्तार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) आगरा एक्सप्रेस-वे पर 1035 एकड़ में वशिष्ठ नगर योजना विकसित करेगा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत प्रस्तावित यह परियोजना उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के लिए आर्थिक विकास का नया केंद्र बनने की तैयारी में है। योजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि वशिष्ठ नगर को आधुनिक औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं, बेहतर सड़क नेटवर्क और पर्यावरणीय संतुलन पर आधारित विकास किया जाएगा। इससे बड़े निवेश आकर्षित होंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। एक्सप्रेस-वे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी योजना को आगरा एक्सप्रेस-वे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेस-वे और वरुण विहार योजना से जोड़ा जाएगा। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और परिवहन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। परियोजना में अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल विकसित करने की भी योजना है। छह गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित एलडीए ने वशिष्ठ नगर योजना के लिए ग्राम रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इंदवारा, बहरू और जलियामऊ की करीब 1035 एकड़ भूमि चिन्हित की है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद किसानों की सहमति और अन्य माध्यमों से भूमि संकलन शुरू किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण पर करीब 1328 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्टेट कैपिटल रीजन को मिलेगी नई पहचान एलडीए का कहना है कि वशिष्ठ नगर योजना का उद्देश्य स्टेट कैपिटल रीजन में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और राजधानी को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ना है। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी और औद्योगिक विकास का मॉडल तैयार किया जाएगा।
Source link
लखनऊ में 1328 करोड़ में बसेगा वशिष्ठ नगर:आगरा एक्सप्रेस-वे पर 1035 एकड़ में बनेगा नया इंडस्ट्रियल सिटी