![]()
लखनऊ में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बैठक की। इसमें उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों और जोनल सेनेटरी ऑफिसरों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। लोगों से मिलने वाली शिकायतों का उसी दिन निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कमर्शियल क्षेत्रों में जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल सुधारने के निर्देश बैठक में शहर के सार्वजनिक शौचालयों और यूरिनल की स्थिति सुधारने के विषय पर चर्चा हुई। इसमें नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पहले चरण में 86 सार्वजनिक शौचालयों का काम पूरा किया जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पब्लिक टॉयलेट की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, तो संबंधित जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर और अधिशासी अभियंता के वेतन रोके जाएंगे। साथ ही यूरिनल की स्थिति सुधारने के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की गई। अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने के लिए अभियान शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे। नगर आयुक्त ने कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिया कि सुबह 6 बजे से ही फील्ड में गाड़ियां उतारी जाएं, जिससे समय पर कूड़ा उठान सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा चीफ इंजीनियर सिविल और चीफ इंजीनियर आरआर को नालों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से निपटा जा सके। जागरूकता अभियान को दिया जाएगा बढ़ावा बैठक में आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं, जिससे आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
Source link
लखनऊ में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बैठक:बाजारों में ट्रैफिक सुधारने के लिए बनेंगे जेब्रा क्रासिंग, एक सप्ताह में टॉयलेट नहीं सुधरने पर एक्शन